संवाद। शोएब क़ादरी
ब्लैक स्पॉट सुधारने, अवैध कट बंद कराने और ई-रिक्शा के निर्धारित रूट लागू करने के निर्देश, एआरएम रोडवेज से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण
एटा। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं गड्ढामुक्ति अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और जनपद की सड़कों को सुरक्षित एवं गड्ढामुक्त बनाने के लिए संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिकारी केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करें। लापरवाही मिलने पर जवाबदेही तय की जाएगी।
अवैध कट और ब्लैक स्पॉट पर विशेष ध्यान
सड़क सुरक्षा की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में चिह्नित ब्लैक स्पॉट का प्राथमिकता के आधार पर सुधार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों पर अवैध रूप से खुले कट अभियान चलाकर तत्काल बंद कराने को कहा। स्थायी समाधान के लिए टेंडर प्रक्रिया में देरी होने पर अस्थायी व्यवस्था के माध्यम से भी कट पूरी तरह बंद कराने के निर्देश दिए, ताकि सड़क पार करने के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने परिवहन विभाग की बसों को निर्धारित स्थानों पर ही खड़ा कराने तथा नियमों का उल्लंघन होने पर जुर्माने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। रोडवेज बसों की व्यवस्था ठीक न रखने और कार्य में रुचि न लेने पर एआरएम रोडवेज एटा से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश भी दिए।
ई-रिक्शा के रूट होंगे निर्धारित
जिलाधिकारी ने एआरटीओ को ई-रिक्शा का शत-प्रतिशत चिह्नांकन कराने तथा उनके लिए निर्धारित रूट लागू करने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। प्रमुख मार्गों और घुमावदार स्थानों पर आवश्यक संकेतक बोर्ड एवं साइनेज लगाने को भी कहा, जिससे वाहन चालकों को पहले से मार्ग की स्थिति की जानकारी मिल सके।
गड्ढामुक्ति अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
गड्ढामुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए डीएम ने लोक निर्माण विभाग, आरईडी, जिला पंचायत, खंड विकास अधिकारियों और नगरीय निकायों के अधिकारियों को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की सड़कों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी सड़क पर गड्ढे दिखाई दें, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए।
उन्होंने कहा कि गड्ढामुक्ति अभियान मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए छोटे-छोटे पैच और क्षतिग्रस्त हिस्सों की भी मरम्मत कराई जाए, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी न हो। सभी संबंधित अधिकारी फील्ड में रहकर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चन्द्र प्रकाश पाठक, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी ललित अग्रवाल, आदर्श वर्मा, एक्सईएन जल निगम शहरी सैयद तारिक, एआरटीओ शिवम यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह, समस्त खंड विकास अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा एआरएम रोडवेज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
