जिलाधिकारी मनीष बंसल ने किया उद्घाटन, स्मार्ट सिटी, चंद्रयान-3, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और कचरा प्रबंधन पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए अभिनव मॉडल
आगरा,। एमडी जैन इंटर कॉलेज, हरीपर्वत में जिला विज्ञान क्लब की ओर से आयोजित जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का जिलाधिकारी मनीष बंसल ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में जनपद के 67 विद्यालयों के 214 विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं तकनीक पर आधारित अपने अभिनव मॉडल प्रदर्शित किए।
कार्यक्रम में स्मार्ट सिटी, चंद्रयान-3, मिसाइल लॉन्चिंग सिस्टम, होलोग्राम 3डी, ऑटोमेटिक ब्रिज, रोड सेफ्टी, ब्लाइंड स्टिक, स्मार्ट क्लीन टॉयलेट सिस्टम, मेडिसिन रिमाइंडर बॉक्स और कचरा प्रबंधन जैसे विषयों पर तैयार मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे।
विद्यार्थियों के नवाचार की जिलाधिकारी ने की सराहना
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने विद्यार्थियों के मॉडलों का अवलोकन किया और उनसे उनकी कार्यप्रणाली, उपयोगिता तथा तकनीकी विशेषताओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मल्लखंभ विद्या का भी शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखकर जिलाधिकारी ने तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाया।
जिज्ञासा और सवाल पूछने से होती है नई खोजों की शुरुआत
जिलाधिकारी ने कहा कि विज्ञान में नई खोजों का आधार जिज्ञासा और सवाल पूछने की प्रवृत्ति है। विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान या रटने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि विषयों के मूल सिद्धांतों को समझकर प्रयोगों के माध्यम से अपनी कल्पनाओं को साकार करना चाहिए।
उन्होंने नदी प्रदूषण, वायु प्रदूषण और कूड़ा निस्तारण जैसी गंभीर समस्याओं का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाकर इनके समाधान खोजने का आह्वान किया। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीकी उपकरणों का सकारात्मक उपयोग करने तथा दूसरों के मॉडलों से सीखकर अपने नवाचारों को और बेहतर बनाने की प्रेरणा दी।
छात्राओं की भागीदारी बनी आकर्षण का केंद्र
प्रतियोगिता में छात्राओं की उत्साहजनक सहभागिता पर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विज्ञान और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों की सक्रिय भागीदारी महिला सशक्तीकरण और शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत है।
15 मॉडल मंडल स्तरीय प्रदर्शनी के लिए होंगे चयनित
जिला विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक डॉ. निखिल जैन ने बताया कि प्रतियोगिता में 67 विद्यालयों के 214 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें से 15 उत्कृष्ट मॉडलों का चयन मंडल स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी के लिए किया जाएगा।
मंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 5,000 रुपये, द्वितीय स्थान पर 3,000 रुपये और तृतीय स्थान पर 2,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा दो विद्यार्थियों को 1,000-1,000 रुपये के सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र पाल सिंह तोमर, विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. संजय गर्ग, डॉ. रीनेश मित्तल, डॉ. रामनाथ गौतम, डॉ. प्रभात किरन वार्ष्णेय, डॉ. रामवीर सिंह चौहान, डॉ. राखी गुप्ता सहित निर्णायक मंडल के सदस्य और शिक्षकगण उपस्थित रहे।
स्रोत: जिला सूचना कार्यालय, आगरा।
