कम्प्यूटेशनल थिंकिंग और AI के उपयोग पर विशेषज्ञ ने किया मार्गदर्शन, विभिन्न सीबीएसई विद्यालयों के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
आगरा। अटल आवासीय विद्यालय, कोरई, आगरा में विद्यार्थियों और शिक्षकों को आधुनिक तकनीक से परिचित कराने के उद्देश्य से कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Artificial Intelligence) विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आगरा के विभिन्न प्रतिष्ठित सीबीएसई विद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में नीलम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग की असिस्टेंट प्रोफेसर कशफ खान ने मुख्य वक्ता के रूप में कम्प्यूटेशनल थिंकिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कम्प्यूटेशनल थिंकिंग के माध्यम से जटिल समस्याओं को छोटे-छोटे चरणों में विभाजित कर उनके समाधान खोजे जा सकते हैं। वहीं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा, चिकित्सा, विज्ञान और तकनीकी क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव ला रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को इन तकनीकों का ज्ञान प्राप्त करने तथा उनका सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्या ने तकनीकी शिक्षा की आवश्यकता पर दिया जोर
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सुनीता वशिष्ठ के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने मुख्य वक्ता और विभिन्न सीबीएसई विद्यालयों से आए प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान तकनीकी युग में विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी उभरती तकनीकों की जानकारी देना बेहद आवश्यक है।
साजिद अहमद ने किया मंच संचालन
कार्यक्रम का मंच संचालन साजिद अहमद ने किया, जबकि कार्यक्रम के समन्वयक कंप्यूटर एग्जीक्यूटिव श्री साहिल सेठी रहे। उनके समन्वय और सहयोग से कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
इस व्याख्यान के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों को कम्प्यूटेशनल थिंकिंग तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी में तकनीकी समझ विकसित करना और उन्हें भविष्य की डिजिटल दुनिया की चुनौतियों के लिए तैयार करना रहा।
TIMES OF TAJ | समाचार एवं विचार
डिस्क्लेमर: यह समाचार आयोजकों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी पर आधारित है।
