अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों से ली जानकारी
एटा। उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग की सदस्य नेहा खान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं, जनशिकायतों और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान नेहा खान ने अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय से संबंधित शिकायतों, उनके निस्तारण और लंबित मामलों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों से तथ्यात्मक जानकारी मांगी।
उन्होंने अल्पसंख्यक कल्याण योजनाओं, छात्रवृत्ति, शिक्षण संस्थानों, स्वास्थ्य सुविधाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा ग्रामीण एवं नगरीय विकास कार्यों की प्रगति भी जानी। इसके अलावा कब्रिस्तान और धार्मिक स्थलों से संबंधित भूमि विवादों, अतिक्रमण, सीमांकन, राजस्व मामलों तथा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों पर भी चर्चा की गई।
15 दिन में आयोग को भेजनी होगी रिपोर्ट
अल्पसंख्यक आयोग की सदस्य ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समीक्षा में उठाए गए सभी बिंदुओं पर उपलब्ध अभिलेखों और आंकड़ों के आधार पर स्पष्ट, बिंदुवार एवं प्रमाणित रिपोर्ट तैयार कर 15 दिनों के भीतर उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग, लखनऊ को उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने लंबित शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित नोडल अधिकारी नामित करने और निर्धारित समयसीमा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। नेहा खान ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, अधिशासी अधिकारी तथा लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
TIMES OF TAJ | ETAH
