आगरा के सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज को बड़ी उपलब्धि, पांच विभागों में बढ़ीं सीटें; मेडिकल शिक्षा के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को भी मिलेगा लाभ
आगरा। सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एसएनएमसी) आगरा के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। कॉलेज में स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों की 22 नई सीटों को मंजूरी मिली है। इसके साथ ही संस्थान में पीजी सीटों की कुल संख्या 221 से बढ़कर 243 हो गई है। इस बढ़ोतरी से मेडिकल की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को विशेषज्ञता हासिल करने के अधिक अवसर मिलेंगे।
कॉलेज में विभिन्न विभागों में सीटों का इजाफा किया गया है। इनमें फिजियोलॉजी विभाग में 5, पैथोलॉजी में 4, रेडियोडायग्नोसिस में 3, एनेस्थीसिया में 6 और ईएनटी विभाग में 4 नई सीटें शामिल हैं। इस प्रकार कुल 22 सीटें बढ़ाई गई हैं। वहीं, अन्य विभागों में भी कुछ अतिरिक्त सीटों की स्वीकृति मिलने की प्रक्रिया प्रतीक्षित है।
इस उपलब्धि पर एसएनएमसी के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों, चिकित्सकों और फैकल्टी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने इस सफलता में डॉ. गीतू सिंह, श्री भारत सहित संबंधित विभागों के योगदान की सराहना की।
प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि पीजी सीटों में वृद्धि से मेडिकल शिक्षा को मजबूती मिलेगी। इससे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और विशेषज्ञता हासिल करने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही, अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा और आम जनता को अधिक सुलभ एवं बेहतर इलाज मिल सकेगा।
एसएनएमसी में पीजी सीटों की संख्या में हुई यह वृद्धि चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
