गुरुद्वारा पुल के नीचे से पकड़ा गया आरोपी, 32 बोर की अवैध पिस्टल बरामद; सिकंदरा थाने में दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे
आगरा। त्योहारों के मद्देनजर कमिश्नरेट आगरा पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना सिकंदरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को थाना सिकंदरा पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गुरुद्वारा पुल के नीचे से प्रशान्त बघेल उर्फ चुन्नू पुत्र महेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 32 बोर की एक अवैध पिस्टल बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी थाना सिकंदरा का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है, जिसका हिस्ट्रीशीट नंबर 67A है। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना सिकंदरा में मुकदमा अपराध संख्या 591/26, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
आरोपी पर पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए आपराधिक रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2017 में धारा 147, 384, 323, 504 और 506 भादवि तथा धारा 386 भादवि के तहत मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2019 में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजीव त्यागी, उपनिरीक्षक मोहित, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, कांस्टेबल हिमांशु बुटार और कांस्टेबल दीपक तोमर शामिल रहे।
त्योहारों के मद्देनजर पुलिस द्वारा प्रमुख मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेकिंग अभियान जारी है।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
