ऑल इंडिया उलेमा बोर्ड की एजुकेशन विंग की पहल, शिक्षा और कौमी एकता के पैगाम को किया याद
आगरा। भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री और महान स्वतंत्रता सेनानी मौलाना अबुल कलाम आजाद की यौमे पैदाइश के मौके पर ऑल इंडिया उलेमा बोर्ड, आगरा की एजुकेशन विंग की जानिब से विशेष फातिहा का एहतिमाम किया गया।
यह कार्यक्रम पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अध्यक्ष तबस्सुम अब्बास के नेतृत्व में मिढ़ाकुर स्थित खानकाह संभावना आश्रम में आयोजित हुआ। इस मौके पर ऑल इंडिया उलेमा बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष पीरजादा आमिर शेख कादरी शफीकी की मौजूदगी में मौलाना अबुल कलाम आजाद को खिराज-ए-अकीदत पेश किया गया और उनकी मगफिरत व बुलंद दरजात के लिए दुआ की गई।
कार्यक्रम के दौरान मौलाना आजाद की शैक्षिक, सामाजिक और राष्ट्रीय सेवाओं को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का पैगाम दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद ने शिक्षा को समाज की तरक्की और मुल्क की मजबूती का अहम जरिया माना। उनका जीवन इल्म, भाईचारे, आपसी सद्भाव और राष्ट्रीय एकता की मिसाल है।
इस अवसर पर उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम का समापन दुआ और मौलाना अबुल कलाम आजाद की राष्ट्रीय व शैक्षिक सेवाओं को याद करते हुए हुआ।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
