मस्जिद नहर वाली में जुमा के खुत्बे में दिया रूहानी पैगाम, नमाज और तौबा-इस्तिगफार की अहमियत पर डाला रोशनी
आगरा। मस्जिद नहर वाली के खतीब मोहम्मद इकबाल ने जुमा की नमाज से पहले अपने खुत्बे में अल्लाह तआला से इंसान के रिश्ते और उसके करीब होने के विषय पर बेहद महत्वपूर्ण और रूहानी पैगाम दिया। उन्होंने कहा कि अक्सर हम कहते हैं कि अल्लाह के करीब आओ, जबकि कुरआन-ए-करीम बताता है कि अल्लाह तो पहले से ही अपने बंदों के करीब है। जरूरत इस बात की है कि इंसान अपने दिल और आमाल को सुधारकर उस नजदीकी को महसूस करे।
खतीब मोहम्मद इकबाल ने सूरह अल-बकरा की आयत 186 का हवाला देते हुए कहा कि अल्लाह फरमाता है कि जब मेरे बंदे मेरे बारे में पूछें तो मैं करीब हूं और पुकारने वाले की पुकार का जवाब देता हूं। इसी तरह सूरह काफ की आयत 16 में अल्लाह ने इंसान से अपनी नजदीकी को उसकी रग-ए-जां से भी ज्यादा करीब बताया है।
उन्होंने एक मिसाल देते हुए कहा कि दिन के समय सूरज की रोशनी हर तरफ मौजूद रहती है। अगर कोई व्यक्ति अपनी आंखें बंद करके अंधेरा होने की शिकायत करे तो इसमें कसूर सूरज का नहीं, बल्कि उसकी बंद आंखों का है। ठीक इसी तरह अल्लाह की रहमत और उसका करम हमेशा मौजूद है, लेकिन हमारे दिल गुनाहों की वजह से उस एहसास से महरूम हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि हमें अपनी सोच बदलने और गुनाहों की पट्टी अपनी आंखों से हटाने की जरूरत है। अल्लाह की तरफ से दूरी नहीं, बल्कि दूरी हमारी तरफ से पैदा होती है। पहल हमें करनी है। अपने रब के सामने झुककर तौबा और इस्तिगफार करना है। याद रखिए, जो इंसान अल्लाह के लिए आजिजी और इंक्सारी के साथ झुकता है, अल्लाह उसे अपनी रहमत से बुलंद फरमाता है।
खतीब ने सूरह अल-बकरा की आयत का हवाला देते हुए कहा कि अल्लाह फरमाता है, तुम मुझे याद करो, मैं तुम्हें याद करूंगा। उन्होंने नमाज की अहमियत बताते हुए कहा कि बंदा अपने रब के सबसे ज्यादा करीब सजदे की हालत में होता है। इसलिए हर मुसलमान को आज ही यह अहद करना चाहिए कि वह जिंदगी की आखिरी सांस तक नमाज नहीं छोड़ेगा।
उन्होंने कहा कि अल्लाह को तलाश करने के लिए कहीं दूर जाने की जरूरत नहीं, बल्कि अपने दिल में झांकने की जरूरत है। दिल पर गुनाहों की वजह से जमा जंग को तौबा और इस्तिगफार से साफ किया जाए। जब इंसान अपने रब की तरफ सच्चे दिल से लौटता है तो उसे अल्लाह का कुर्ब और उसकी रहमत महसूस होने लगती है।
खुत्बे के आखिर में उन्होंने दुआ की कि अल्लाह तआला हम सभी को अपना पसंदीदा और नेक बंदा बनाए तथा अपने करीब रहने की तौफीक अता फरमाए। आमीन या रब्बुल आलमीन।
