पश्चिमी गेट पर तैनात ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम ने तत्काल उपलब्ध कराई मेडिकल सहायता, परिजनों ने आगरा पुलिस का जताया आभार
आगरा,। विश्व प्रसिद्ध स्मारक ताजमहल पर शनिवार को पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण पश्चिमी प्रवेश द्वार पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। अत्यधिक भीड़ के बीच दो महिला पर्यटकों की तबीयत बिगड़ गई और वे चक्कर खाकर गिर पड़ीं। सूचना मिलते ही ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उन्हें मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जयपुर से ताजमहल देखने आई 10 वर्षीय पर्यटक नव्या शर्मा पुत्री विनोद शर्मा और गुजरात की रहने वाली 45 वर्षीय रौनक बेन पश्चिमी गेट पर अत्यधिक भीड़ के कारण चक्कर खाकर गिर गईं।
पर्यटकों के गिरने की सूचना मिलते ही पश्चिमी गेट पर तैनात थाना ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम के प्रभारी ने उच्चाधिकारियों के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पर्यटकों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई।
पुलिस की तत्परता और समय पर मिली मदद से पर्यटकों के परिजनों ने राहत महसूस की। उन्होंने आगरा पुलिस की सक्रियता और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई जिम्मेदारी
इस त्वरित सहायता अभियान में उपनिरीक्षक पंकज सिंह पटेल, आरक्षी आशु, आरक्षी ऋषभ गुर्जर और महिला आरक्षी शिखा शामिल रहीं।
ताजमहल जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुलिस की इस तत्परता की सराहना की जा रही है। वहीं, पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रवेश द्वारों पर बेहतर भीड़ प्रबंधन और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं की आवश्यकता भी सामने आती है।
टाइम्स ऑफ ताज डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध पुलिस सूचना के आधार पर तैयार किया गया है।
