आगरा। उमरी पब्लिक स्कूल, जगदीशपुरा, आगरा में देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। विद्यार्थियों को उनके जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, आधुनिक भारत के निर्माण में उनकी भूमिका तथा बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विद्यालय में बच्चों के लिए खेलकूद एवं विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा, उत्साह तथा खेल भावना का प्रदर्शन किया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग का महत्व समझाया गया।

विद्यालय के प्रबंधक अज़हर उमरी ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों को देश का भविष्य मानते थे। उनका मानना था कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियां भी बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि उमरी पब्लिक स्कूल का प्रयास है कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक बनाया जाए, ताकि वे भविष्य में एक अच्छे नागरिक बन सकें।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के महान नेताओं के विचारों से परिचित कराने के साथ-साथ शिक्षा, खेलकूद और व्यक्तित्व विकास के प्रति प्रेरित करना रहा।
TIMES OF TAJ | आगरा
