दिल्ली से नेपाल के काठमांडू तक साइकिल यात्रा पर निकले पर्यटक, चैरिटी के साथ साहसिक खेल और पर्यावरण संरक्षण का दे रहे संदेश
नूरूल इस्लाम
कासगंज .उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद में सोमवार सुबह उस समय कौतूहल और उत्साह का माहौल बन गया, जब ब्रिटेन के करीब 120 साइकिल सवारों का विशाल काफिला शहर से गुजरा। विदेशी पर्यटकों को एक साथ साइकिलों पर गुजरते देखकर स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्सुकता दिखाई दी। सड़क किनारे लोगों की भीड़ जमा हो गई और दुकानदार भी अपने प्रतिष्ठानों से बाहर निकलकर इस अनोखे नजारे को देखने लगे।
जानकारी के अनुसार, ब्रिटेन के ये 120 साइकिल सवार दिल्ली से नेपाल की राजधानी काठमांडू तक की यात्रा पर निकले हैं। उनका उद्देश्य चैरिटी के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद करना है। इसके साथ ही वे साहसिक खेलों को प्रोत्साहित करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रहे हैं।
अलीगढ़ से कासगंज होते हुए काठमांडू का सफर
यात्रा में शामिल साइकिल सवारों ने बताया कि वे अलीगढ़ से रवाना होकर कासगंज, फर्रुखाबाद सहित विभिन्न स्थानों से होते हुए नेपाल के काठमांडू पहुंचेंगे। सभी साइकिल सवार हेलमेट और आधुनिक प्रोफेशनल सुरक्षा उपकरणों से लैस नजर आए। उनके अनुशासित अंदाज और सामूहिक साइकिल यात्रा ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
मोबाइल में कैद किया अनोखा नजारा
विदेशी साइकिल सवारों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क के किनारे खड़े हो गए। लोगों ने अपने मोबाइल फोन से तस्वीरें खींचीं और वीडियो भी बनाए। कुछ देर के लिए ऐसा लगा मानो शहर में कोई विशेष आयोजन हो रहा हो।
साइकिल सवारों ने भारत के लोगों के व्यवहार और मेहमाननवाजी की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें भारत आकर बेहद अच्छा लग रहा है।
पुलिस ने सुरक्षा के साथ कराया काफिला रवाना
कासगंज के साथ सहावर और गंजडुंडवारा क्षेत्र में भी विदेशी साइकिल सवारों की यात्रा चर्चा का विषय बनी रही। पुलिस ने निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत काफिले को सुरक्षित तरीके से अपने क्षेत्र से आगे रवाना कराया।
ब्रिटेन के इन साइकिल सवारों की यात्रा ने स्थानीय लोगों के बीच रोमांच, उत्सुकता और अंतरराष्ट्रीय मैत्री का अनूठा संदेश छोड़ा। चैरिटी, साहसिक खेल और पर्यावरण संरक्षण को जोड़ने वाली यह यात्रा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।
TIMES OF TAJ | समाचार एवं विचार
अस्वीकरण: इस समाचार में दी गई जानकारी उपलब्ध विवरणों पर आधारित है। इसका उद्देश्य जनहित में सूचना प्रदान करना है।
