BLO के साथ ड्यूटी लगाने पर जताई नाराजगी, बोलीं– सरकारी कर्मचारी नहीं हैं आशा वर्कर्स, फिर क्यों थोपी जा रही अतिरिक्त जिम्मेदारी? जिला स्तर पर ज्ञापन देने का ऐलान
कासगंज। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य को लेकर आशा वर्कर्स में नाराजगी बढ़ने लगी है। बीएलओ (BLO) के साथ एसआईआर कार्य में ड्यूटी लगाए जाने के विरोध में गुरुवार को सहावर तहसील में आशा वर्कर्स ने प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जाहिर किया। उन्होंने प्रशासन पर उनकी समस्याओं की अनदेखी करने और अतिरिक्त जिम्मेदारियां थोपने का आरोप लगाया।
आशा वर्कर सीमा सोलंकी, ओमवती, द्रोपा देवी और सीमा देवी ने बताया कि उपजिलाधिकारी की ओर से सहावर ब्लॉक की सभी आशा वर्कर्स को तहसील के मीटिंग हॉल में एसआईआर कार्य के संबंध में बुलाया गया था। उन्हें बीएलओ के साथ काम करने के लिए कहा गया, लेकिन उनकी समस्याओं और परिस्थितियों को सुनने वाला कोई नहीं है।
‘आशा वर्कर्स सरकारी कर्मचारी नहीं, फिर क्यों लगाई जा रही ड्यूटी?’
प्रदर्शनकारी आशा वर्कर्स का कहना था कि वे सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि वालंटियर के रूप में कार्य करती हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से निर्धारित कार्यों के बदले उन्हें इंसेंटिव दिया जाता है। उन्हें कोई निश्चित मासिक वेतन नहीं मिलता। ऐसे में बीएलओ के साथ एसआईआर जैसे अतिरिक्त कार्य की जिम्मेदारी देना उनके लिए मुश्किल है।
दिन-रात स्वास्थ्य सेवाओं में जुटी रहती हैं आशा
आशा वर्कर्स ने कहा कि पोलियो अभियान, संचारी रोग नियंत्रण, टीकाकरण और गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए अस्पताल पहुंचाने जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां वे निभाती हैं। इन कार्यों में दिन-रात मेहनत करने के बावजूद उन्हें मिलने वाला मानदेय भी समय पर नहीं मिल पाता। इसके अलावा अलग से यात्रा भत्ता या किराया भी नहीं दिया जाता।
उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी सरकार और प्रशासन की ओर से कई ऐसे कार्यों में उनकी ड्यूटी लगाई गई है, जो उनके निर्धारित दायित्वों में शामिल नहीं हैं। अतिरिक्त काम का दबाव डालने से उनका मानसिक और आर्थिक शोषण हो रहा है।
जिला स्तर पर ज्ञापन देने का ऐलान
आशा वर्कर्स ने एकजुट होकर कहा कि उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। अब वे अपनी आवाज जिला स्तर तक पहुंचाएंगी और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराएंगी। उन्होंने प्रशासन से आशा वर्कर्स पर अतिरिक्त कार्य थोपने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान सीमा सोलंकी, ओमवती, द्रोपा देवी, सीमा देवी, मीरा देवी, सर्वेश कुमारी, कमलेश कुमारी, राजकुमारी, गीता रानी, राजरानी, मुन्नी देवी, कल्पना मिश्रा, जयमाला, माधुरी, संगीता, मंजू सहित बड़ी संख्या में आशा वर्कर्स मौजूद रहीं।
