भाजपा पर धार्मिक आस्था को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने का आरोप, आराधना मिश्रा बोलीं- कांग्रेस विकास की राजनीति करती है
झांसी, । उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने मतदाता सूची की निगरानी और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति तेज कर दी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि पार्टी प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर ‘वोट रक्षक’ तैयार करेगी। इनकी जिम्मेदारी होगी कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो।
झांसी में कांग्रेस के ‘लोक हुंकार जनसंवाद’ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे राजेंद्र पाल गौतम ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से मतदाता सूचियों में गड़बड़ी की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी कथित अनियमितताओं को रोकने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ, संविधान बचाओ’ अभियान शुरू किया है।
उन्होंने बताया कि झांसी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के माध्यम से बूथ स्तर पर वोट रक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसके साथ ही 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा और तहसील में मार्च निकाला जाएगा। इस दौरान महात्मा गांधी अथवा बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष संविधान की शपथ ली जाएगी। गांव-गांव में चौपाल लगाकर मतदाताओं को जागरूक करने का अभियान भी चलाया जाएगा।
भाजपा आस्था का इस्तेमाल राजनीति के लिए करती है: आराधना मिश्रा
कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने भाजपा पर धार्मिक आस्था का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा धार्मिक आस्था को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करती है, जबकि कांग्रेस सभी की आस्था का सम्मान करते हुए विकास की राजनीति में विश्वास रखती है।
आराधना मिश्रा ने कहा कि जनता भाजपा की राजनीति को समझ चुकी है और उसे माफ नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।
कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
