कानून व्यवस्था मजबूत करना और फरियादियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण होगी प्राथमिकता
नूरूल इस्लाम | कासगंज।
एसओजी प्रभारी पद से स्थानांतरित होकर आए नवागत प्रभारी निरीक्षक रितेश कुमार ने कोतवाली सहावर का कार्यभार ग्रहण कर लिया। जनपद में पहली बार कोतवाली का चार्ज संभालने के बाद उन्होंने पुलिस स्टाफ के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और क्षेत्र की कानून व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।
इससे पूर्व प्रभारी निरीक्षक रितेश कुमार जनपद अलीगढ़ और हाथरस के विभिन्न थानों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सरल स्वभाव के रितेश कुमार ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना और आम जनता की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध करने वालों और कानून का उल्लंघन करने वाले दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांवों और कस्बों से आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या गंभीरता से सुनी जाएगी तथा उसका प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि थाने आने वाले किसी भी फरियादी को निराश होकर वापस नहीं लौटना पड़ेगा।
नवागत प्रभारी निरीक्षक ने कस्बा सहावर में यातायात व्यवस्था सुधारने और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने की बात कही। इसके साथ ही महिला उत्पीड़न और महिला हिंसा से जुड़ी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों से जनता के साथ अच्छा व्यवहार करने, अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का माहौल बनाए रखने की अपील की।
