रेल संरक्षा को मिलेगी मजबूती, फाटकों पर जाम और लंबी प्रतीक्षा से मिलेगी राहत; दुर्घटनाओं की आशंका कम करने की दिशा में रेलवे की महत्वपूर्ण पहल
आगरा। रेल यात्रियों की सुरक्षा और सड़क यातायात को सुगम बनाने की दिशा में आगरा मंडल ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन में मंडल के विभिन्न रेलखंडों में सात लिमिटेड हाइट सब-वे (LHS) का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इन सब-वे के शुरू होने से संबंधित क्षेत्रों के लोगों को रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम और ट्रेनों के गुजरने का इंतजार करने से राहत मिलेगी।
रेलवे द्वारा कराए गए इस निर्माण कार्य का उद्देश्य समपारों पर सड़क और रेल यातायात के बीच टकराव की संभावनाओं को कम करना तथा रेल संचालन को अधिक सुरक्षित और निर्बाध बनाना है।
इन सात रेल समपारों पर हुआ निर्माण
आगरा मंडल में जिन सात स्थानों पर लिमिटेड हाइट सब-वे का निर्माण पूरा हुआ है, उनमें शामिल हैं—
- धौलपुर–आगरा कैंट रेलखंड का समपार संख्या 486।
- आगरा कैंट–पलवल रेलखंड के समपार संख्या 507, 508, 555 और 533।
- मथुरा जंक्शन–अछनेरा रेलखंड का समपार संख्या 83।
- भांडई–इटावा रेलखंड का समपार संख्या 14।
रेलवे फाटकों पर जाम से मिलेगी राहत
इन लिमिटेड हाइट सब-वे के निर्माण से सड़क यातायात को रेलवे ट्रैक के नीचे से गुजरने का विकल्प मिलेगा। इससे ट्रेनों के आवागमन के दौरान रेलवे फाटक बंद होने पर सड़क यात्रियों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
इसके अलावा समपारों पर वाहनों की भीड़ और जाम की समस्या में कमी आएगी। रेल एवं सड़क यातायात के बीच दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में भी ये सब-वे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
स्थानीय नागरिकों को भी मिलेगा लाभ
रेलवे की इस पहल से आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। समय की बचत के साथ क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी। रेलवे का मानना है कि इस तरह के आधारभूत संरचना विकास कार्य रेल संरक्षा को मजबूत करने और आमजन को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यातायात उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
आगरा मंडल द्वारा रेल संरक्षा और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे ये कार्य रेलवे के बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
TIMES OF TAJ | खबर वही, जो आपके काम आए।
डिस्क्लेमर: यह समाचार रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी पर आधारित है।
