सपा-कांग्रेस गठबंधन में जीत की संभावना के आधार पर होगा सीटों का फैसला; भाजपा के ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ नारे पर कसा तंज, सरकार बनने पर अग्निवीर योजना खत्म करने का ऐलान
लखनऊ, । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर चल रही सीटों की खींचतान के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नरम रुख के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई ऐसी सीटें हैं, जहां कांग्रेस जीत हासिल कर सकती है। गठबंधन में इन सीटों को लेकर चर्चा होगी। अखिलेश ने साफ कहा कि गठबंधन में सीटों की संख्या से ज्यादा महत्वपूर्ण चुनाव में जीत हासिल करना है। जिस सीट पर जो दल जीतने की स्थिति में होगा, सीट उसके हिस्से में जाएगी।
शनिवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा के चुनावी नारे ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों ने दो दिन बैठकर यह नारा तैयार किया है। उन्हें पता है कि कमल मुरझा रहा है, इसलिए राधे-राधे कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विदाई के समय भी राधे-राधे कहा जाता है और अब भाजपा की विदाई होने वाली है।
निर्वाचन आयोग और अधिकारियों पर लगाए आरोप
अखिलेश यादव ने निर्वाचन आयोग पर भाजपा के साथ मिलकर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा के बूथ स्तर के नेता मतदाता सूची में लोगों के नाम जुड़वाने पर विशेष ध्यान दें। बूथ जीतेंगे, तभी सरकार बनेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1.27 करोड़ वोट कटने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि आयोग के दबाव में अब मुख्यमंत्री कुछ नहीं बोल रहे हैं। सपा अध्यक्ष ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर भी भाजपा पदाधिकारियों की तरह काम करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई अधिकारी पिछले 10 वर्षों से एक ही कुर्सी पर जमे हुए हैं। ऐसे अधिकारियों को हटाने के लिए पार्टी के विधायक, विधान परिषद सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधि हस्ताक्षर कर निर्वाचन आयोग को पत्र भेजेंगे।
सरकार बनने पर खत्म करेंगे अग्निवीर योजना
अखिलेश यादव ने युवाओं को लेकर बड़ा राजनीतिक वादा करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना समाप्त की जाएगी। उन्होंने युवाओं से संवाद स्थापित करने के लिए ‘अखिलेश सुन रहे हैं’ नाम से वेबसाइट भी लॉन्च की। इसके माध्यम से युवाओं से सुझाव और शिकायतें आमंत्रित की गई हैं।
इस अवसर पर उन्होंने पार्टी के प्रचार अभियान के लिए ‘विज्ञापन दिखाकर लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’ का नारा भी दिया।
उत्पल राय, अनिल कसाना समेत कई नेता सपा में शामिल
पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री उत्पल राय, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल कसाना और अवधेश चौहान सहित कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। अखिलेश यादव ने पार्टी में शामिल हुए नेताओं का स्वागत किया।
कुंडा में रामकथा के आयोजन से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी भी रामायण मेला आयोजित कराती रही है। वहीं गोरखपुर प्रकरण पर उन्होंने कहा कि दो दिन के शोक के बाद इस मामले पर अलग से बातचीत करेंगे।
