आम आदमी पार्टी ने किया सांकेतिक विरोध, ‘मेलोडी टॉफी’ के नाम पर बांटी ट्रॉफियां
आगरा। आम आदमी पार्टी महानगर आगरा इकाई के नेतृत्व में जनता के विकास कार्यों के लिए निर्धारित धनराशि को टोरेंट पावर को दिए जाने के विरोध में सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “मेलोडी टॉफी” के नाम पर ट्रॉफी कप बांटकर भाजपा सरकार और महापौर के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष दिलीप बंसल ने कहा कि जनता के विकास के पैसों को टोरेंट पावर जैसी कंपनियों को बांटना बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ जनता महंगाई से परेशान है, वहीं दूसरी ओर कंपनियों को लाभ पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
पूर्व जिला अध्यक्ष कपिल बाजपेई ने कहा कि सरकार और नगर निगम जनता के टैक्स के पैसे को कंपनियों की टैक्स माफी में खर्च कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह धन शहर के विकास और बुनियादी सुविधाओं पर लगाया जा सकता था, लेकिन इसे पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने में इस्तेमाल किया जा रहा है।
महानगर कोषाध्यक्ष रवि गोयल ने कहा कि जनता परेशान है जबकि कंपनियों को राहत दी जा रही है। उन्होंने इसे “जनता की लूट का जश्न” करार देते हुए कहा कि भाजपा अब गरीबों की नहीं बल्कि पूंजीपतियों के हितों की राजनीति कर रही है।
आप नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर में नालों की सफाई नहीं हुई है, जिससे बरसात में जलभराव की समस्या बढ़ सकती है। साथ ही नालों का पानी सीधे यमुना नदी में डाले जाने पर भी नाराजगी जताई गई। उन्होंने कहा कि जनता की मूल समस्याओं की अनदेखी कर टोरेंट पावर को राहत देना गलत प्राथमिकताओं को दर्शाता है।
कार्यक्रम में अश्वनी शर्मा, कृष्ण गोपाल उपाध्याय, ऋतिक सिंह, भीम यादव, रामसेवक धाकरे, तरुण भार्गव, बिट्टू पंडित, मुरली बाबा, अरविंद कुमार, धर्मेंद्र सिंह, मनोज सलमान हुसैन अली, अरविंद ठाकरे और गौरव बघेल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

