7-8 अगस्त को जेपी पैलेस में जुटेंगे देशभर के AI विशेषज्ञ, सरकारी अधिकारी, स्टार्टअप्स और उद्योग जगत के दिग्गज
आगरा। कॉर्पोरेट काउंसिल फॉर लीडरशिप एंड अवेयरनेस (CCLA) एवं एसोसिएटेड चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ इंडिया (ASSOCHAM) द्वारा भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के सहयोग से 7 एवं 8 अगस्त 2026 को जेपी पैलेस होटल एंड कन्वेंशन सेंटर, आगरा में AI FutureReady Conclave 2026 का आयोजन किया जाएगा।
दो दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्क्लेव के आधिकारिक उद्घोषणा कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को बाईपास स्थित होटल लेमन ट्री में किया गया। इस दौरान आयोजकों ने कॉन्क्लेव की रूपरेखा, प्रमुख सत्रों, AI प्रदर्शनी और राष्ट्रीय स्तर के वक्ताओं की जानकारी साझा की।

AI को समझना समय की आवश्यकता : पूरन डावर
CCLA एवं DCFLI के चेयरमैन तथा भारत सरकार की ट्रेड काउंसिल के सदस्य पूरन डावर ने कहा कि AI को लेकर समाज में अनेक भ्रांतियां हैं, जबकि यह भविष्य की नहीं बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी तकनीकी शक्तियों में से एक है। उन्होंने कहा कि जो लोग AI को सीखेंगे, समझेंगे और अपने कार्यों में अपनाएंगे, वही भविष्य की प्रतिस्पर्धा में आगे रहेंगे।
उन्होंने कहा कि यह कॉन्क्लेव व्यापारियों, उद्योग जगत, स्टार्टअप्स, विद्यार्थियों और युवाओं को AI के व्यावहारिक उपयोग से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

राष्ट्रीय AI विशेषज्ञों से सीखने का अवसर
डॉ. एम.पी.एस. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरपर्सन एवं AI एडवाइजरी काउंसिल के चेयरमैन स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह ने कहा कि यह आयोजन आगरा के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। भारत सरकार के IT मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, IndiaAI Mission के निदेशक मोहम्मद वाई. सफीरुल्ला (IAS), उद्योग जगत के प्रतिनिधि और AI विशेषज्ञ दो दिनों तक प्रतिभागियों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे।
उन्होंने कहा कि कॉन्क्लेव में AI की नवीनतम तकनीकों, उनके व्यावहारिक उपयोग और भविष्य की संभावनाओं को लेकर रोडमैप प्रस्तुत किया जाएगा।
युवा नवाचारों को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
CCLA के प्रदेश अध्यक्ष राजेश गर्ग ने कहा कि AI अब भविष्य की तकनीक नहीं बल्कि वर्तमान की आवश्यकता बन चुका है। कॉन्क्लेव में विश्वविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों और IT कंपनियों द्वारा AI आधारित प्रोजेक्ट्स, स्टार्टअप नवाचारों और तकनीकी समाधानों का प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इससे युवाओं और विद्यार्थियों को नई तकनीक सीखने के साथ-साथ अपने नवाचारों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
AI नई तकनीकी क्रांति का आधार
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि AI केवल मशीनों तक सीमित तकनीक नहीं है, बल्कि यह मानव की सोच और निर्णय क्षमता को सशक्त बनाने का माध्यम है। इसके उपयोग के साथ नैतिकता, जागरूकता और जिम्मेदारी भी जरूरी है।

डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा ने कहा कि दुनिया AI की नई तकनीकी क्रांति के दौर में प्रवेश कर चुकी है। स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग और अनुसंधान सहित लगभग हर क्षेत्र में AI की भूमिका लगातार बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि ChatGPT AI की संभावनाओं की केवल शुरुआत है और इस क्षेत्र में असीम अवसर मौजूद हैं।
व्यापार, उद्योग और शिक्षा में बढ़ रही AI की भूमिका
SBI के AGM संजय संदीप गुप्ता एवं वरुण कपूर ने कहा कि AI व्यापार, डिजिटल मार्केटिंग और ग्राहक सेवाओं को नई दिशा दे रहा है। गोपाल गुप्ता ने कहा कि AI सीमित तकनीकी जानकारी रखने वाले लोगों को भी बड़े स्तर पर गुणवत्तापूर्ण कार्य करने में सक्षम बना रहा है।
डॉ. रेनुका डंग ने कहा कि AI विचारों को वास्तविक स्वरूप देने का प्रभावी माध्यम है। डॉ. अशोक शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में AI जीवन और कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बन जाएगा।
दीपक अग्रवाल ने कहा कि AI उद्योगों के लिए भविष्य का बड़ा सहयोगी सिद्ध होगा, जिससे लागत कम करने और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
FAFM के अध्यक्ष कुलदीप सिंह कोहली, शू फेक्टर्स फेडरेशन के अध्यक्ष विजय सामा तथा सीफी के अध्यक्ष ओपिंदर लवली ने AI कॉन्क्लेव और प्रस्तावित प्रदर्शनी की उपयोगिता पर अपने विचार रखे।
केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद होंगे मुख्य अतिथि
आयोजकों के अनुसार, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय तथा इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
वहीं भारत सरकार के IndiaAI Mission के निदेशक मोहम्मद वाई. सफीरुल्ला (IAS), ONGC के निदेशक (स्ट्रेटजी एंड कॉर्पोरेट अफेयर्स) सत्यन कुमार, अंकित धीर, रामाकृष्णन “रामा”, गगन दीप, सौरभ मनचंदा, पीयूष श्रीवास्तव सहित देश के अनेक विशेषज्ञ AI से जुड़े विभिन्न तकनीकी सत्रों को संबोधित करेंगे।
कॉन्क्लेव के प्रमुख आकर्षण
- 26+ AI आधारित प्रदर्शनी स्टॉल
- AI Exhibition एवं लाइव टेक्नोलॉजी डेमो
- Student Innovation Showcase
- Startup एवं Industry Innovation Pavilion
- MSME, Manufacturing, Healthcare, Education, Agriculture एवं Digital Commerce पर विशेष पैनल चर्चा
- Keynote Sessions एवं Expert Talks
- AI आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण
ये रहे मौजूद
उद्घोषणा कार्यक्रम में नेशनल चैंबर के उपाध्यक्ष अंबा प्रसाद गर्ग, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव दीपक अग्रवाल, ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित मोरियानी, सीएस अनुज अशोक अग्रवाल, आगरा रेडीमेड गारमेंट्स ट्रेडर्स एंड मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आर.के. नैय्यर, आगरा IT एसोसिएशन के सचिव अचयेंद्र शर्मा, कुलदीप ठाकुर, शकुन बंसल, डॉ. तरुण शर्मा, डॉ. रजनीश त्यागी, अजय शर्मा, ब्रजेश शर्मा, अविनाश वर्मा सहित अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहे।

