लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर स्थित लाल बारादरी भवन के दरवाजे को सील किए जाने के बाद विवाद गहराता जा रहा है। पिछले दो दिनों से चल रहे छात्र आंदोलन के बीच अब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने भी मोर्चा खोल दिया है।
मंगलवार को एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस व छात्रों के बीच हल्की झड़प की सूचना है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि लाल बारादरी भवन को सील किए जाने के विरोध में छात्र संगठनों ने पहले ही धरना शुरू कर रखा था। अब एबीवीपी के प्रदर्शन से परिसर का माहौल और गरमा गया है।
झड़प के बाद छात्र प्रॉक्टर ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए और विश्वविद्यालय प्रशासन से निर्णय वापस लेने की मांग की। छात्रों का कहना है कि बिना पर्याप्त संवाद के भवन को सील किया जाना अनुचित है।
वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों से यह कदम उठाया गया है।
फिलहाल परिसर में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और सभी की नजरें प्रशासनिक फैसले पर टिकी हैं।

