आगरा। थाना एत्मादपुर पुलिस टीम के अथक प्रयासों के फलस्वरूप एक भटके हुए मासूम बालक को सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया गया। पुलिस की इस संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों तथा परिजनों ने सराहना की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 07 मार्च 2026 की सुबह डायल 112 पर सूचना मिली कि कुबेरपुर कट के पास लगभग 7 वर्षीय एक बालक अकेले घूम रहा है। सूचना मिलते ही पीआरबी 6150 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बालक को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर थाना एत्मादपुर लाई, जहां उसे बाल कल्याण अधिकारी की देखरेख में रखा गया।
पूछताछ के दौरान बालक ने अपना नाम टिंकू (काल्पनिक) पुत्र श्याम, निवासी पोहिया, थाना खंदौली, आगरा बताया, लेकिन वह अपना पूरा पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की, करीब 65 सीसीटीवी कैमरों की जांच की तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर परिजनों की तलाश शुरू की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने बालक के पिता श्याम पुत्र भूरा, निवासी पोहिया थाना खंदौली, आगरा को खोज निकाला और बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने पुलिस की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के लिए धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी—
प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह, थाना एत्मादपुर, कमिश्नरेट आगरा
वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिवाजीत सिंह
उपनिरीक्षक कपिल
उपनिरीक्षक अभिषेक
महिला उपनिरीक्षक दीपिका सिरोही (बाल कल्याण अधिकारी)
कांस्टेबल रामू कुमार
पुलिस की इस मानवीय पहल ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा और संवेदनशीलता भी पुलिस की प्राथमिकता है।

