मुंबई, (टाइम्स ऑफ ताज)
बॉलीवुड के मशहूर और अनुभवी अभिनेता भरत कपूर का सोमवार को 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे और पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत ज्यादा खराब बताई जा रही थी। उनके करीबी मित्र और अभिनेता अवतार गिल ने उनके निधन की पुष्टि की।
करीब चार दशकों तक फिल्म, टेलीविजन और थिएटर की दुनिया में सक्रिय रहे भरत कपूर ने अपने सशक्त अभिनय और खासकर नकारात्मक किरदारों से दर्शकों के दिलों में अलग पहचान बनाई। उन्होंने नूरी, राम बलराम, लव स्टोरी, बाजार, गुलामी, आखिरी रास्ता, सत्यमेव जयते, स्वर्ग, खुदा गवाह, रंग, बरसात और साजन चले ससुराल जैसी कई चर्चित फिल्मों में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई।
फिल्म निर्माता आशोक पंडित ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भरत कपूर एक बेहतरीन अभिनेता होने के साथ-साथ एक बेहद नेक और मिलनसार इंसान भी थे।
भरत कपूर के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उनके प्रशंसक और साथी कलाकार उन्हें उनकी शानदार अदाकारी और यादगार किरदारों के लिए हमेशा याद रखेंगे।

