आगरा। विश्व प्रसिद्ध धरोहर ताजमहल पर आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को अब सुरक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और आतिथ्य का भी विशेष अनुभव मिल रहा है। थाना ताज सुरक्षा पुलिस द्वारा “ऑपरेशन टूरिस्ट डिलाइट” के तहत शुरू की गई पहल को पर्यटकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
पुलिस कमिश्नर आगरा के निर्देशन में ताजमहल के पश्चिमी गेट पर तैनात क्विक रिस्पांस टीम पर्यटकों का स्वागत “अतिथि देवो भव:” और “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना के साथ कर रही है। इस पहल के अंतर्गत पुलिसकर्मी न केवल सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं, बल्कि पर्यटकों से मित्रवत व्यवहार करते हुए उन्हें मार्गदर्शन और सहयोग भी प्रदान कर रहे हैं।
शनिवार को रूस और जापान सहित विभिन्न देशों से आए पर्यटकों के समूह ने ताजमहल का दीदार किया। इस दौरान पुलिस टीम ने उनकी हर संभव सहायता की, जिससे उनकी यात्रा सुरक्षित, सहज और यादगार बन सकी। विदेशी सैलानियों ने भारतीय संस्कृति, आतिथ्य और आगरा पुलिस की फ्रेंडली पुलिसिंग की खुलकर सराहना की।
पर्यटकों ने आगरा पुलिस के इस प्रयास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से भारत की सकारात्मक छवि वैश्विक स्तर पर और मजबूत होती है।
इस टीम में उप निरीक्षक पंकज सिंह पटेल, आरक्षी आशु और महिला आरक्षी राजवाला शामिल रहे, जिन्होंने अपने व्यवहार और सेवा भावना से पर्यटकों का दिल जीत लिया।

