लखनऊ, गोरखपुर और प्रतापगढ़ के संस्थानों में खाली हैं 40 पद; सेवानिवृत्त शिक्षकों की भी ली जाएगी मदद
लखनऊ। प्रदेश के युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए समाज कल्याण विभाग के तहत संचालित राजकीय आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों में खाली पड़े अनुदेशकों के पद जल्द भरे जाएंगे। समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने अधिकारियों को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत रिक्त पदों पर जल्द भर्ती करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री ने कहा कि नियमित भर्ती प्रक्रिया पूरी होने तक संस्थानों में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए सेवानिवृत्त शिक्षकों आदि को अनुदेशक के रूप में तैनात किया जाए। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और तकनीकी प्रशिक्षण को सुचारु रूप से जारी रखा जा सकेगा।
इन संस्थानों में खाली हैं पद
समाज कल्याण विभाग के तहत संचालित संस्थानों में वर्तमान में कुल 40 अनुदेशक पद रिक्त हैं।
- राजकीय गोविंद बल्लभ पंत पॉलिटेक्निक, लखनऊ – 7 पद
- राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बख्शी का तालाब, लखनऊ – 23 पद
- राजकीय आईटीआई-पॉलिटेक्निक, गोरखपुर – 9 पद
- राजकीय आईटीआई-पॉलिटेक्निक, प्रतापगढ़ – 1 पद
इन रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों के चयन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जा रही है।
युवाओं के कौशल विकास पर जोर
समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण ने कहा कि सरकार युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने और उन्हें रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। अनुदेशकों की नियुक्ति होने से राजकीय आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों में शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण व्यवस्था और मजबूत होगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और योग्यता का पूरा ध्यान रखा जाए, ताकि योग्य अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित हो सके।
— टाइम्स ऑफ ताज
