नई दिल्ली। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डीएफसीसीआईएल) ने मंगलवार को पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे (Western Dedicated Freight Corridor) पर तेज पार्सल सेवा की शुरुआत की। इस सेवा का उद्देश्य एनसीआर और उत्तर भारत के प्रमुख लॉजिस्टिक केंद्रों को गुजरात के औद्योगिक शहरों से बेहतर तरीके से जोड़ना है।
रेलवे बोर्ड के सदस्य (संचालन एवं व्यवसाय विकास) मनोज सिंह ने डीएफसीसीआईएल और रेल मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अहमदाबाद से आगे बढ़ेगी पार्सल सेवा
अधिकारियों के मुताबिक, अब तक एनएमजीएचएस (न्यू मॉडिफाइड गुड्स हाई स्पीड) वैगन के जरिए चलने वाली मौजूदा पार्सल सेवा मुख्य रूप से अहमदाबाद क्षेत्र तक ही सीमित थी। पश्चिमी डीएफसी पर नई सेवा शुरू होने से पार्सल यातायात को अब अहमदाबाद से आगे ले जाने की सुविधा मिलेगी।
इसके तहत सूरत और मुंबई जाने वाले पार्सल भी इस सेवा के माध्यम से भेजे जा सकेंगे और वहां से आगे उनके संबंधित गंतव्यों तक पहुंचाए जा सकेंगे।
लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को मिलेगी रफ्तार
नई पार्सल सेवा से उत्तर भारत और गुजरात के बीच माल परिवहन को गति मिलने की उम्मीद है। इससे कारोबारियों को तेज और बेहतर लॉजिस्टिक कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी तथा पार्सल परिवहन के लिए रेलवे के समर्पित माल ढुलाई नेटवर्क का उपयोग बढ़ेगा।
डीएफसी पर तेज पार्सल सेवा की शुरुआत को देश के लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को मजबूत करने और माल ढुलाई को अधिक कुशल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
