लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के बीच सियासी वार-पलटवार तेज होता जा रहा है। PDA को लेकर दोनों दलों के बीच जुबानी जंग अब खुलकर सामने आने लगी है। इसी कड़ी में BSP के कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव के PDA को ‘पब्लिक डराओ अभियान’ करार दिया है।
दरअसल, समाजवादी पार्टी की ओर से PDA को लेकर लगातार राजनीतिक संदेश दिए जा रहे हैं। हाल में अखिलेश यादव के PDA में ‘P’ का मतलब ‘पंडित’ बताए जाने के बाद मायावती ने सपा की रणनीति पर सवाल उठाए थे। इसके बाद अब आकाश आनंद ने भी सपा पर हमला बोलते हुए PDA की नई व्याख्या पेश की है।
आकाश आनंद ने सपा की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि PDA के नाम पर जनता को डराने और राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है। उनके बयान को 2027 के चुनाव से पहले BSP द्वारा सपा के सामाजिक समीकरण और खासकर PDA की राजनीति को चुनौती देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
राहुल गांधी और अखिलेश पर भी निशाना
आकाश आनंद इससे पहले हाथरस में आयोजित जनसभा के दौरान भी सपा और कांग्रेस पर निशाना साध चुके हैं। उन्होंने अखिलेश यादव और राहुल गांधी को ‘अंकल’ कहकर संबोधित किया था। उनके इस बयान को दोनों नेताओं की युवा राजनीति की छवि पर हमला करने की कोशिश के तौर पर देखा गया।
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश में अभी से राजनीतिक समीकरण साधने की कवायद शुरू हो गई है। BSP जहां अपने पुराने सामाजिक आधार को मजबूत करने के साथ नए वर्गों तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रही है, वहीं सपा PDA के जरिए विभिन्न सामाजिक समूहों को एकजुट करने का संदेश दे रही है।
ऐसे में आकाश आनंद के लगातार हमलावर तेवरों से साफ है कि आने वाले दिनों में BSP और सपा के बीच PDA की राजनीति को लेकर टकराव और तेज हो सकता है।
#AkashAnand #BSP #SP #AkhileshYadav #Mayawati #PDA #RahulGandhi #UPPolitics #UPAssemblyElection2027 #TimesOfTaj
