स्वस्थ जीवनशैली और फूड प्रोसेसिंग उद्योग के विकास पर हुआ मंथन, 14 जून से जेपी पैलेस में शुरू होगा तीन दिवसीय आयोजन
आगरा। चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन (सीएफपीआईए) द्वारा आयोजित फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव 2026 के तहत शनिवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल जेपी पैलेस में स्मारिका विमोचन एवं “स्वस्थ जीवनशैली का आधार : भोजन से आरोग्य की ओर” विषयक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने संतुलित आहार, गुणवत्तापूर्ण नींद और सकारात्मक जीवनशैली को स्वस्थ जीवन की कुंजी बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर हेल्थ एंड वेलनेस कोच रुचिरा ढल, डाइटिशियन पायल सेठ, सीएफपीआईए अध्यक्ष राजकुमार भगत, आगरा सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष नितेश अग्रवाल सहित अनेक उद्योगपति एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सीएफपीआईए अध्यक्ष राजकुमार भगत ने बताया कि 14 से 16 जून तक होटल जेपी पैलेस में आयोजित होने वाले फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव 2026 का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल और उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी करेंगे। तीन दिवसीय आयोजन में देश के सात राज्यों से 150 से अधिक कंपनियां भाग लेंगी और फूड प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, कोल्ड चेन, वेयरहाउसिंग, फूड सेफ्टी तथा आधुनिक तकनीकों से जुड़े उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन करेंगी।
गुणवत्तापूर्ण नींद और संतुलित भोजन है आरोग्य का आधार : रुचिरा ढल
हेल्थ एंड वेलनेस कोच रुचिरा ढल ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के कारण बड़ी संख्या में लोग विटामिन-डी की कमी से जूझ रहे हैं। उन्होंने मोबाइल या टीवी देखते हुए भोजन करने की आदत को स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताते हुए कहा कि भोजन हमेशा शांत एवं सकारात्मक वातावरण में करना चाहिए। उन्होंने प्रतिदिन पर्याप्त पानी पीने, छह से आठ घंटे की गुणवत्तापूर्ण नींद लेने तथा नियमित व्यायाम और प्राणायाम करने की सलाह दी।
सबसे बड़ी संपत्ति स्वस्थ शरीर और शांत मन : पायल सेठ
डाइटिशियन पायल सेठ ने कहा कि भोजन केवल पेट भरने का माध्यम नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल स्वास्थ्य संबंधी नुस्खों से बचने और विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। पायल सेठ ने फल, सब्जियों और मोटे अनाजों के सेवन को बढ़ावा देने तथा तैलीय और अत्यधिक मसालेदार भोजन से दूरी बनाने की सलाह दी।
ब्रज क्षेत्र के प्रमुख ब्रांडों को मिली स्मारिका में जगह
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव 2026 की स्मारिका का भव्य विमोचन किया गया। स्मारिका का संपादन वरिष्ठ पत्रकार तनु गुप्ता ने किया है। उन्होंने बताया कि स्मारिका में ब्रज क्षेत्र के प्रतिष्ठित खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों, सफल उद्यमियों, नई तकनीकों, निर्यात संभावनाओं तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी को शामिल किया गया है।
उद्योग जगत के लिए होगा लाभकारी मंच
तीन दिवसीय एक्सपो के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के विशेष सत्र, बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों द्वारा निवेश और ऋण योजनाओं की जानकारी, तकनीकी कार्यशालाएं तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली इकाइयों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन सीएफपीआईए सचिव विकास चतुर्वेदी एवं उपाध्यक्ष आशीष गर्ग ने संयुक्त रूप से किया। व्यवस्थाओं में अपरार्क शर्मा, दिलीप कुमार एवं सोनू का विशेष सहयोग रहा।

