आगरा। बाह तहसील के कस्बा जरार में प्रतिष्ठित सर्राफा कारोबारी अमरीश गुप्ता के घर हुई लाखों रुपये की सनसनीखेज डकैती और जानलेवा हमले की घटना को लेकर समाजवादी व्यापार सभा ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े किए हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं आगरा मंडल प्रभारी मनोज गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित व्यापारी के आवास पर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
पीड़ित सर्राफा व्यापारी अमरीश गुप्ता ने बताया कि 15 जून की रात्रि लगभग 12:30 बजे पांच हथियारबंद बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से उनके घर में धावा बोला। बदमाशों ने पहले कमरे में लगे एयर कंडीशनर के तार काट दिए। जब वह कमरे से बाहर निकले तो घात लगाए बदमाशों ने पिस्तौल की बट से उनके सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इसके बाद बदमाशों ने घर की महिलाओं को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया, उनके पहने हुए आभूषण उतरवा लिए तथा अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी लूट ली। पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश जाते समय लगभग 85 वर्षीय बुजुर्ग माता के हाथों की चूड़ियां भी उतारकर ले गए। परिवार ने किसी तरह सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी जान बचाई।
समाजवादी व्यापार सभा के नेताओं ने कहा कि प्रदेश में लगातार व्यापारी वर्ग, विशेषकर सर्राफा व्यापारियों को अपराधी निशाना बना रहे हैं। आए दिन लूट, डकैती और हत्या जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन व्यापारियों को सुरक्षा प्रदान करने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं।
सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि भाजपा सरकार स्वयं को व्यापारियों की हितैषी बताती है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में व्यापारी समाज सबसे अधिक असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज व्यापारी अपने व्यवसाय और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
समाजवादी व्यापार सभा ने आगरा पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर घटना का शीघ्र खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। साथ ही जिले के सभी कस्बों में पुलिस गश्त, सुरक्षा व्यवस्था और पिकेट ड्यूटी को तत्काल प्रभाव से बढ़ाया जाए।
सभा के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि घटना का शीघ्र खुलासा नहीं किया गया तो समाजवादी व्यापार सभा व्यापारी समाज के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान प्रदेश सचिव राकेश अग्रवाल, महानगर कोषाध्यक्ष गिरीश गोयल, कार्यकारिणी सदस्य राजेश गुप्ता, जिलाध्यक्ष संजीव पोरवाल, उपेंद्र सिंह, जवाहरलाल अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

