चार्जशीट लगाने के नाम पर मांगे थे 10 हजार रुपये, कोतवाली परिसर से हुई गिरफ्तारी
कासगंज। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहावर कोतवाली में तैनात दरोगा भगवती प्रसाद को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दरोगा पर एक मामले में चार्जशीट लगाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहावर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चेहका गुनार निवासी धान सिंह से दरोगा भगवती प्रसाद ने मुकदमे में चार्जशीट लगाने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर पीड़ित ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन विभाग से की।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही दरोगा ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे सहावर कोतवाली परिसर में रंगे हाथ दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान एंटी करप्शन टीम ने कोतवाली परिसर स्थित सरकारी आवास पर भी आवश्यक जांच-पड़ताल की। इसके बाद आरोपी दरोगा को हिरासत में लेकर गंजडुंडवारा कोतवाली ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई की खबर फैलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एंटी करप्शन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और शिकायत मिलने पर निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा जांच जारी है।

