100 से अधिक लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकों और रक्तदाताओं का हुआ सम्मान
आगरा। खाटू श्यामजी ग्लोबल सोसाइटी द्वारा जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर परिसर में विशाल रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए 62 यूनिट रक्तदान किया, वहीं 100 से अधिक लोगों ने निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सीय जांचों का लाभ उठाया।
समिति के अध्यक्ष रजत सिंघल ने बताया कि संस्था द्वारा आयोजित यह पहला सेवा शिविर था। समिति के सभी सदस्य युवा हैं और समाज सेवा के कार्यों के माध्यम से जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे।
सचिव उमंग अग्रवाल एवं यश सिंघल ने बताया कि शिविर में बाल रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग, दंत रोग, फिजिशियन, नेत्र रोग, नाक-कान-गला, फिजियोथैरेपी तथा सर्जरी सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉ. विकास मित्तल एवं डॉ. रचना अग्रवाल के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया।
कार्यक्रम के समापन पर शिविर में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों एवं चिकित्सा दल के सदस्यों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
शिविर की व्यवस्थाओं में कार्तिक अग्रवाल, मोहक अग्रवाल, यश हेमेंद्र अग्रवाल, श्रेयांश अग्रवाल, श्रेया अग्रवाल, ऋतिक अग्रवाल, केशव मित्तल, सार्थक अग्रवाल, दिव्यांशु अग्रवाल, प्रद्युम्न गर्ग, अर्जुन अग्रवाल, प्रांजल मित्तल आदि योगदान दिया।

