98 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, मोहम्मद आरिफ सिद्दीकी बने राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी
आगरा। संजय प्लेस स्थित यूथ हॉस्टल में सिद्दीकी जमात वेलफेयर सोसाइटी का 14वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में समाज के 98 मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए स्मृति-चिन्ह एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि सी.एम. सूर्यवंशी रहे। विशिष्ट अतिथियों में सोहिब सिद्दीकी, नफीसुल्लाह सिद्दीकी, गुलाम जिलानी, अनीश सिद्दीकी, आबिद सिद्दीकी, उस्मान खान, बॉबी खान, राहुल शर्मा (दिल्ली) एवं हेमंत शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताया और उन्हें अनुशासन, मेहनत तथा निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
सम्मान समारोह में कुल 98 मेधावी विद्यार्थियों, जिनमें 38 छात्र और 60 छात्राएँ शामिल थीं, को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इन विद्यार्थियों की उपलब्धियाँ समाज के लिए गर्व का विषय हैं और अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कय्यूम सिद्दीकी ने नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की। उन्होंने मोहम्मद आरिफ सिद्दीकी को राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी तथा यासीन सिद्दीकी को जिला अध्यक्ष मनोनीत किया। इसके अलावा जमील सिद्दीकी, हुसैन मोहम्मद, रज्जाक मोहम्मद, शकील सिद्दीकी, अकबर सिद्दीकी, चाँद बाबू, महमूद सिद्दीकी और परवेज सिद्दीकी सहित अन्य पदाधिकारियों के नामों की भी घोषणा की गई।
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी मनोनीत होने पर मोहम्मद आरिफ सिद्दीकी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष कय्यूम सिद्दीकी एवं संगठन के सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि समाजहित, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और संगठन की सकारात्मक गतिविधियों को मीडिया के माध्यम से जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही शिक्षा, एकता, सामाजिक सेवा और समाज के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए वे निरंतर सक्रिय रहेंगे।
कार्यक्रम में समाज के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अभिभावक, पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। अंत में सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया गया कि वे अपनी प्रतिभा और मेहनत से भविष्य में भी समाज, प्रदेश और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।

