आगरा। लायंस क्लब ऑफ आगरा विशाल सैफायर ने जुलाई 2026 से जून 2027 सत्र के लिए अपनी नई प्रबंध कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। क्लब के स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट सीए राकेश अग्रवाल को अध्यक्ष, मनीष बंसल को सचिव तथा सोम मित्तल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
नवनियुक्त अध्यक्ष सीए राकेश अग्रवाल ने कहा कि स्वर्ण जयंती वर्ष के दौरान क्लब जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सेवा और जनकल्याण के लिए पहले से अधिक व्यापक स्तर पर सामाजिक गतिविधियों का संचालन करेगा। उन्होंने बताया कि मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु नेत्र शिविर, “मिशन चलो गाँव की ओर” अभियान के अंतर्गत मेडिकल एवं डायबिटीज जांच शिविर, पित्ताशय एवं अपेंडिक्स ऑपरेशन शिविर, वृक्षारोपण अभियान तथा अन्य सेवा कार्य नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
नई कार्यकारिणी के गठन पर क्लब के पूर्व पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ सदस्यों ला. सुनील गुप्ता, ला. अजय मनचंदा, पूर्व अध्यक्ष ला. अजय बंसल, ला. सुनील अग्रवाल, ला. संजय बंसल और ला. अनूप गुप्ता सहित अन्य सदस्यों ने नवगठित टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वर्ण जयंती वर्ष में क्लब समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग की सेवा के अपने मिशन को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगा।
सामाजिक अनुभव से मिलेगी नई दिशा
सीए राकेश अग्रवाल सामाजिक और संगठनात्मक क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। वे इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई), आगरा शाखा की प्रबंध कार्यकारिणी के नौ वर्षों तक सदस्य रह चुके हैं तथा दो बार सीआईसीासा (CICASA) के अध्यक्ष का दायित्व निभा चुके हैं। वर्तमान में वे जनक पार्क विकास समिति, कमला नगर, आगरा के अध्यक्ष भी हैं।
क्लब के सदस्यों का मानना है कि उनके नेतृत्व और संगठनात्मक अनुभव से लायंस क्लब ऑफ आगरा विशाल सैफायर का स्वर्ण जयंती वर्ष सेवा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।

