आगरा। थाना न्यू आगरा पुलिस ने व्यक्ति को धार्मिक आस्था के नाम पर गुमराह कर रुपये छीनने की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 हजार रुपये बरामद किए हैं, जो छीनी गई रकम का शेष हिस्सा है।
पुलिस के अनुसार, थाना न्यू आगरा में दर्ज मुकदमे के मुताबिक पीड़ित 13 जुलाई 2026 को अपने भतीजे के साथ नगला पदी स्थित दामाद के घर से रुपये लेकर कौशलपुर लौट रहा था। दयालबाग रोड स्थित एसबीआई एटीएम के पास तीन अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया और भतीजे को यह कहकर बहलाया कि यदि वह 51 कदम चलेगा तो उसके हाथ में हनुमान जी की मूर्ति आ जाएगी।
इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित से पूछा कि उसके पास कितने रुपये हैं। पीड़ित द्वारा 41,300 रुपये होने की जानकारी देने पर तीनों आरोपी उसके हाथ से नकदी छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना न्यू आगरा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए खासपुर चौराहे के पास से तीन आरोपियों जाविद, मोहम्मद शमद और मोहम्मद शाहिद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनके कब्जे से 15,000 रुपये बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, छीनी गई बाकी रकम आरोपी पहले ही खर्च कर चुके थे।
गिरफ्तार आरोपी उत्तराखंड और लखनऊ के रहने वाले हैं। तीनों के खिलाफ थाना न्यू आगरा में दर्ज मुकदमे के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को थाना न्यू आगरा के थानाध्यक्ष निशामक त्यागी के नेतृत्व में चौकी प्रभारी दयालबाग उपनिरीक्षक अभिषेक गुप्ता, उपनिरीक्षक नीपू सिंह, नितिन नागर, अनुरुद्ध सिंह राठौर, रोहन सिंह, हेड कांस्टेबल योगेंद्र कुमार और कांस्टेबल सचिन कुमार की टीम ने अंजाम दिया।

