आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा का शैक्षिक सत्र 2025-26 का दीक्षांत समारोह आगामी 3 अगस्त 2026 (सोमवार) प्रातः 10 बजे विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होगा। समारोह में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई), शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के चेयरमैन प्रो. पंकज अरोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनकी उपस्थिति को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने स्वीकृति प्रदान की है।
राज्यपाल सचिवालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार विश्वविद्यालय प्रशासन को समारोह की सभी तैयारियां समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रो. पंकज अरोड़ा देश के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों में शामिल हैं। वे वर्तमान में एनसीटीई के चेयरमैन के रूप में नई शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, शिक्षक शिक्षा की गुणवत्ता, डिजिटल शिक्षा और नवाचार आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से दीक्षांत समारोह में शामिल विद्यार्थियों, शोधार्थियों और नवोदित शिक्षकों को नई दिशा और प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव होने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. पंकज अरोड़ा की उपस्थिति विद्यार्थियों को शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन शासन और कुलाधिपति सचिवालय के निर्देशों के अनुरूप समारोह की सभी तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने में जुटा है।

