हेल्प आगरा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने किया स्वागत, मुनिश्री ने संस्कारित संतति के लिए गर्भ संस्कार का बताया महत्व
आगरा। प्रताप नगर स्थित गर्भ संस्कार एवं मेटरनिटी होम में पूज्य संत श्री अनुपम मुनि जी के शुभ आगमन से आध्यात्मिक वातावरण बन गया। मुनिश्री बिहार के दौरान अल्प प्रवास पर संदेश जैन एवं संगीता सकलेचा के निवास पर ठहरे हुए थे। इसी क्रम में उन्होंने गर्भ संस्कार एवं मेटरनिटी होम का भी भ्रमण किया।
इस अवसर पर हेल्प आगरा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने मुनिश्री का आत्मीय स्वागत करते हुए संस्था द्वारा संचालित सेवाओं और सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी।
अपने आशीर्वचन में संत श्री अनुपम मुनि ने गर्भ संस्कार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्कारित और चरित्रवान संतति के निर्माण में गर्भावस्था का समय अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि जैन आचार्यों द्वारा बताए गए सिद्धांतों के अनुसार गर्भवती माताओं को अपने धार्मिक कर्तव्यों का पालन करते हुए 53 संस्कारों को समझना और आदर्श जीवन शैली अपनानी चाहिए। उन्होंने गर्भ संस्कार एवं मेटरनिटी होम द्वारा किए जा रहे इस सेवा कार्य की मुक्तकंठ से सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में संगीता सकलेचा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कमल चंद जैन, अशोक अग्रवाल (अध्यक्ष, संस्था), एडवोकेट अशोक अग्रवाल, महामंत्री मनोज अग्रवाल, आगरा विकास मंच के राजकुमार जैन, सुरेश कुमार सकलेचा, रमेश चंद अग्रवाल, राजकुमार गर्ग, राजीव जैन, राकेश गर्ग, हृदयेश बंसल, अशोक जैन ‘गुल्लू’, संदेश जैन, संगीता जैन, आर्य जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

