फतेहपुर सीकरी में अनधिकृत गाइड पर नियम तोड़ने का आरोप, पर्यटन छवि पर उठे सवाल
फतेहपुर सीकरी। विश्व धरोहर नगरी फतेहपुर सीकरी में “लपका मुक्त अभियान” के दावों के बीच एक बार फिर अनधिकृत गाइडों की गतिविधियां चर्चा में हैं। गुलिस्तां वाहन पार्किंग से एक टूरिस्ट की गाड़ी को कथित रूप से नियमों के विपरीत ले जाने का मामला सामने आया है, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई है।
बुधवार को गाइड शारिफ ने सीकरी पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि अमन उर्फ मॉरिस पुत्र चांद, निवासी नयाबास, ने पार्किंग में क्रमबद्ध तरीके से खड़ी टूरिस्ट की गाड़ी को बिना अनुमति अपने साथ ले गया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि फतेहपुर सीकरी में प्रतिदिन हजारों देशी-विदेशी पर्यटक ऐतिहासिक स्मारकों के दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में अनधिकृत गाइडों और कथित लपका गिरोह की गतिविधियां न केवल पर्यटकों को भ्रमित करती हैं, बल्कि देश की पर्यटन छवि को भी प्रभावित करती हैं।
सारिफ ने पुलिस से आरोपी तथा इस तरह की गतिविधियों में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि पार्किंग क्षेत्र में अनधिकृत लोगों का दबदबा बढ़ता जा रहा है, जिससे अधिकृत गाइडों का कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
उधर, सीकरी पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

