200 वर्ष पुराने मंदिर की पांचवीं पीढ़ी कर रही है सेवा, जल्द रथ यात्रा शुरू होने की उम्मीद
आगरा। आज दिनांक 25 जुलाई 2026 को श्री भगवान जगन्नाथ जी मंदिर प्रांगण में शयन एकादशी पर्व का आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मंदिर के महंत पंडित श्री लक्ष्मण शर्मा के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं महिला मंडल की सदस्य उपस्थित रहीं।
शयन एकादशी के पावन अवसर पर महिलाओं ने भगवान श्री जगन्नाथ जी महाराज के भजनों पर झूला झूलकर भक्ति का प्रदर्शन किया। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और धार्मिक वातावरण से माहौल भक्तिमय हो गया।
इस दौरान 200 वर्ष पुराने ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर के इतिहास एवं परंपराओं की जानकारी भी साझा की गई। बताया गया कि इस प्राचीन मंदिर की सेवा और संचालन की जिम्मेदारी पांचवीं पीढ़ी तक पहुंच चुकी है। स्वर्गीय ज्वाला प्रसाद जी से यह विरासत स्वर्गीय रमन लाल जी को प्राप्त हुई, जिन्होंने भगवान जगन्नाथ जी की सेवा का कार्य आगे बढ़ाया। इसके बाद यह जिम्मेदारी दाऊ दयाल जी के परिवार को मिली।
दाऊ दयाल जी के चार पुत्र एवं एक पुत्री थीं। उनके तीन पुत्रों ने भगवान श्री जगन्नाथ जी के चरणों में अपना जीवन समर्पित किया। वर्तमान में दाऊ दयाल जी के चौथे पुत्र पंडित श्री लक्ष्मण शर्मा, उनकी पत्नी श्रीमती सरिता देवी शर्मा, महंत स्नेहा शर्मा एवं चिराग शर्मा मंदिर की सेवा एवं व्यवस्थाओं का संचालन कर रहे हैं।
महंत श्री लक्ष्मण शर्मा ने बताया कि वर्ष 1978 से श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा नहीं निकल पा रही है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि शीघ्र ही भक्तों को इस प्राचीन मंदिर से भगवान जगन्नाथ जी की रथ यात्रा के दर्शन एवं लाभ प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम में महिला मंडल की भूमि, तनिष्क, राम ठाकुर, अजय राठौर, गीता जादौन, सपना, मंजू, रचना, राधा, आरती, हेमा, कविता यादव, ज्योति, दिया, नीमा, कृति, संतोष, राधा रानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

