मथुरा। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-6 (आगरा छोर) पर उस समय भावुक पल देखने को मिला, जब एक महिला यात्री ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। रेलवे चिकित्सकों, रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई से जच्चा और नवजात दोनों सुरक्षित एवं स्वस्थ हैं।

जानकारी के अनुसार, दोपहर में मथुरा जंक्शन के उप स्टेशन प्रबंधक (कॉमर्शियल) को आरपीएफ सीसीटीवी कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म संख्या-6 पर एक महिला यात्री को तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही रेलवे अस्पताल को अवगत कराया गया और रेलवे चिकित्सक डॉ. अभय अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचने पर चिकित्सकीय टीम ने पाया कि महिला का प्रसव हो चुका है और उन्होंने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया है। डॉ. अभय और उनकी टीम ने जच्चा एवं नवजात को तत्काल प्राथमिक उपचार प्रदान किया। इसके बाद रेल सुरक्षा बल एवं वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों के सहयोग से दोनों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल, मथुरा भेजा गया।

महिला की पहचान धनकुंवर (35 वर्ष), निवासी बैरवारा, जनपद ललितपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उनके पति भी मौके पर मौजूद थे। बताया गया कि धनकुंवर हरियाणा के बावल से मथुरा जंक्शन की यात्रा कर रही थीं।
उत्तर मध्य रेलवे, आगरा मंडल ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। रेलवे कर्मचारियों, आरपीएफ, वाणिज्य विभाग और चिकित्सकीय टीम की संवेदनशीलता एवं तत्परता के चलते जच्चा और नवजात बच्ची दोनों पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित हैं।

