कई यूट्यूबर और वेबसाइट संचालकों का हुआ चालान, पत्रकारों से मांगी गई संस्थान और गतिविधियों की जानकारी
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के वीआईपी इलाके हजरतगंज में पुलिस ने फर्जी तरीके से वाहनों पर ‘PRESS’ लिखकर चलने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों की जांच की, जो बिना किसी अधिकृत मीडिया संस्थान से जुड़े अपने वाहनों पर प्रेस का चिन्ह लगाकर घूम रहे थे।
पुलिस अधिकारियों ने जांच के दौरान कई लोगों से उनके मीडिया संस्थान, कार्यक्षेत्र और पत्रकारिता से जुड़ी गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान कई यूट्यूबर और वेबसाइट संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका चालान किया गया।
पुलिस का कहना है कि प्रेस लिखे वाहनों का गलत इस्तेमाल रोकने और आम जनता में भ्रम की स्थिति खत्म करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। कई बार लोग बिना किसी मान्यता या मीडिया संस्थान से जुड़े वाहन पर प्रेस लिखकर पुलिस जांच से बचने या विशेष सुविधा लेने का प्रयास करते हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वास्तविक पत्रकारों और अधिकृत मीडिया संस्थानों से जुड़े लोगों को परेशान नहीं किया जाएगा, लेकिन फर्जी तरीके से प्रेस का इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद राजधानी में प्रेस लिखे वाहनों के इस्तेमाल को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। प्रशासन का उद्देश्य है कि पत्रकारिता की गरिमा बनी रहे और प्रेस शब्द का दुरुपयोग न हो।

