नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने राजधानी की महिलाओं को बड़ी राहत देते हुए बसों में मुफ्त यात्रा के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के अनिवार्य उपयोग की समय-सीमा 16 अगस्त तक बढ़ा दी है। संशोधित व्यवस्था के तहत 15 अगस्त तक महिलाओं को पिंक टिकट जारी किए जाएंगे, ताकि किसी भी पात्र यात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े।
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि यह निर्णय स्मार्ट कार्ड आधारित प्रणाली में सुचारु बदलाव सुनिश्चित करने और महिलाओं को पर्याप्त समय देने के उद्देश्य से लिया गया है।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, डिपो प्रबंधकों, क्षेत्रीय प्रबंधकों और बस कंडक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे जन-जागरूकता अभियान तेज करें तथा महिला यात्रियों को समय-सीमा से पहले पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने में हर संभव सहायता प्रदान करें।
परिवहन मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि 15 अगस्त तक मौजूदा व्यवस्था के तहत किसी भी महिला को मुफ्त बस यात्रा से वंचित नहीं किया जाएगा।
दिल्ली सरकार के अनुसार, अब तक 17 लाख 4 हजार 42 पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य सभी पात्र महिलाओं को समय रहते स्मार्ट कार्ड उपलब्ध कराना है, ताकि नई व्यवस्था बिना किसी परेशानी के लागू हो सके।

