विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
आगरा। उमरी पब्लिक स्कूल के इको क्लब के तत्वावधान में विद्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए और उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अज़हर उमरी ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण को सुरक्षित और संतुलित रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास हरियाली बढ़ाने तथा लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना समय की आवश्यकता है। इको क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन के प्रति जिम्मेदार बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में पौधरोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी विद्यार्थियों और शिक्षकों को सौंपी गई।

