रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस और मिलाद-उन-नबी समेत कई त्योहारों के चलते अलग-अलग शहरों में बैंकिंग सेवाएं रहेंगी प्रभावित
नई दिल्ली। अगस्त 2026 में बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो उसे निपटाने से पहले बैंक की छुट्टियों की सूची जरूर देख लें। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के बैंक हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार अगस्त में रविवार और दूसरे-चौथे शनिवार की नियमित छुट्टियों के अलावा अलग-अलग राज्यों और शहरों में कई क्षेत्रीय अवकाश रहेंगे।
हालांकि, इन छुट्टियों का मतलब यह नहीं है कि देशभर के बैंक लगातार कई दिनों तक बंद रहेंगे। अधिकांश छुट्टियां क्षेत्रीय त्योहारों और स्थानीय आयोजनों से संबंधित हैं, इसलिए इनका प्रभाव संबंधित राज्य या शहर की बैंक शाखाओं पर ही पड़ेगा।
अगस्त में इन तारीखों पर रहेंगे बैंक बंद
4 अगस्त: अगरतला में केर पूजा के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे।
8 अगस्त: गंगटोक में क्षेत्रीय अवकाश के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इसी दिन देशभर में दूसरे शनिवार का भी अवकाश रहेगा।
13 अगस्त: पैट्रियट डे के अवसर पर इम्फाल में बैंक बंद रहेंगे।
15 अगस्त: स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व के चलते देशभर में बैंक बंद रहेंगे। इसी दिन पारसी नववर्ष भी है।
19 अगस्त: अगरतला में महाराजा बीर बिक्रम किशोर मानिक्य बहादुर की जयंती के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे।
25 अगस्त: ओनम, मिलाद-उन-नबी और मिलाद-ए-शरीफ के अवसर पर कुछ शहरों में बैंक शाखाओं में अवकाश रहेगा।
26 अगस्त: बारावफात यानी मिलाद-उन-नबी के अवसर पर दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, कानपुर, भोपाल, बेंगलुरु, हैदराबाद, पटना, जयपुर, रांची, जम्मू और श्रीनगर समेत कई शहरों में बैंक बंद रहेंगे।
28 अगस्त: रक्षाबंधन और अन्य स्थानीय पर्वों के चलते जयपुर, भोपाल, अहमदाबाद, लखनऊ, शिमला, कानपुर और जम्मू समेत कई शहरों में बैंक शाखाओं में अवकाश रहेगा।
रविवार और शनिवार को भी बैंक रहेंगे बंद
अगस्त में रविवार की छुट्टियां 2, 9, 16 और 23 अगस्त को रहेंगी। इसके अलावा 8 अगस्त को दूसरा शनिवार और 22 अगस्त को चौथा शनिवार होने के कारण देशभर के बैंक बंद रहेंगे।
बैंक जाने से पहले जरूर जांच लें छुट्टी
बैंक शाखा में चेक जमा करने, दस्तावेज जमा कराने, नकद लेन-देन या अन्य जरूरी काम के लिए जाने वाले ग्राहकों को सलाह है कि वे संबंधित शाखा की छुट्टी पहले जांच लें। क्षेत्रीय छुट्टियों के कारण एक शहर में बैंक बंद हो सकता है, जबकि दूसरे शहर में सामान्य रूप से कामकाज जारी रहेगा।
हालांकि बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी।

