होटल अमर विलास के सहयोग से हेल्पएज इंडिया ने लगाया स्वास्थ्य शिविर, बड़ी संख्या में लोगों ने लिया लाभ
आगरा। थाना ताजगंज की नीति बाग चौकी क्षेत्र अंतर्गत नई आबादी पक्की सराय स्थित मलिन बस्ती में 1 अगस्त 2026 को जरूरतमंद लोगों के लिए नि:शुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का आयोजन होटल अमर विलास के सहयोग से हेल्पएज इंडिया द्वारा किया गया।
क्षेत्रीय जनता को विभिन्न बीमारियों से राहत दिलाने के उद्देश्य से लगाए गए इस स्वास्थ्य शिविर में लोगों की नि:शुल्क जांच की गई और आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। कैंप में खुजली, खांसी, बुखार, दर्द सहित विभिन्न सामान्य बीमारियों से पीड़ित लोगों को चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के आयोजन में सोशल वर्कर एवं पत्रकार मेराजउद्दीन, बसपा के पूर्व पार्षद प्रत्याशी वार्ड संख्या 97 मोहम्मद रिजवान और लिटिल डॉली आगरा के अथक प्रयासों का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर लिटिल डॉली आगरा ने नि:शुल्क चिकित्सा शिविर की सराहना करते हुए इसे जरूरतमंद लोगों की सेवा और नेक कार्य बताया। पूर्व पार्षद प्रत्याशी मोहम्मद रिजवान ने कहा कि गरीब और बेसहारा लोग अक्सर आर्थिक परेशानियों के कारण समय पर इलाज नहीं करा पाते हैं। ऐसे लोगों को राहत देने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने चाहिए।
सोशल वर्कर एवं पत्रकार मेराजउद्दीन ने कहा कि वह अपने क्षेत्र की जनता के लिए लगातार सक्रिय हैं। उनका उद्देश्य वार्ड के सभी वर्गों के लोगों की सेवा करना है और भविष्य में भी जनसेवा के कार्य निरंतर जारी रखेंगे।
शिविर में डॉ. संजय रावत, विवेक कुमार, विकेश (फार्मासिस्ट) और ओम प्रकाश पांडेय ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह एवं दवाएं उपलब्ध कराईं।
कार्यक्रम में सूरजपाल, मोहम्मद आबिद, बकील हुसैन, जाकिर कुरैशी सहित अन्य लोगों का भी सहयोग रहा। स्थानीय लोगों ने नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाने पर आयोजकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

