आगरा। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने आगरा में अपनी चुनावी रणनीति तेज कर दी है। पार्टी जिले में सबसे पहले खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र से अपने प्रत्याशी की घोषणा करने की तैयारी में है। बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी की घोषणा करेंगे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, भाजपा और कांग्रेस के संभावित प्रत्याशियों के जातीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए बसपा ने खेरागढ़ से ब्राह्मण प्रत्याशी उतारने की रणनीति बनाई है। इसके जरिए पार्टी क्षेत्र में नए सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश कर रही है।
खेरागढ़ में अगस्त के अंतिम सप्ताह में आकाश आनंद की जनसभा कराने की तैयारी है। यदि इस दौरान समय नहीं मिल पाया तो सितंबर के पहले सप्ताह में जनसभा आयोजित की जाएगी। इसी कार्यक्रम के दौरान विधानसभा प्रभारी के नाम की घोषणा किए जाने की संभावना है।
2007 और 2012 में छह सीटों पर किया था कब्जा
आगरा में बसपा का मजबूत जनाधार रहा है। वर्ष 2007 और 2012 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने आगरा की नौ विधानसभा सीटों में से छह सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में बसपा अपना खाता नहीं खोल सकी। इसके बावजूद दोनों चुनावों में पार्टी के प्रत्याशी कई सीटों पर दूसरे स्थान पर रहे।
बूथ स्तर पर सक्रिय हुई बसपा
विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बसपा ने अभी से संगठन को सक्रिय करना शुरू कर दिया है। जिले में बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इसके साथ ही आगरा की सभी नौ विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों की सूची भी तैयार की गई है।
खेरागढ़ से ब्राह्मण चेहरे को आगे कर बसपा जहां अपने पुराने सामाजिक समीकरण को नए रूप में मजबूत करने की कोशिश कर रही है, वहीं आकाश आनंद की प्रस्तावित जनसभा को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए आगरा में बसपा के चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।

