देशभर में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम, पौधारोपण और स्वच्छता को लेकर लोगों को किया जागरूक
आगरा। दावत-ए-इस्लामी इंडिया के समाजसेवी विभाग गरीब नवाज़ रिलीफ फाउंडेशन (GNRF) द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में चलाया गया देशव्यापी ‘Save Nature (प्रकृति बचाओ)’ अभियान सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। अभियान का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, वृक्षारोपण तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना रहा।
अभियान के अंतर्गत देश के विभिन्न राज्यों और शहरों में स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, मदरसों, ट्यूशन सेंटरों, सार्वजनिक स्थलों और विभिन्न संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम, सेमिनार एवं विशेष सत्र आयोजित किए गए। इनमें छात्रों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रमों के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, स्वच्छता, जल संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने के महत्व पर लोगों को जागरूक किया गया।
युवा पर्यावरण संरक्षण में निभाएं अहम भूमिका
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता GNRF के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. हाजी जीशान साहब ने ‘आज़ादी एक नेमत है’ विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता ईश्वर की अनमोल देन है। एक मजबूत, स्वच्छ और विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है, जब देश का युवा शिक्षित, जागरूक, अनुशासित और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बने।
उन्होंने युवाओं से देश और समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
आरिफ अत्तारी ने ‘Save Nature’ अभियान की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील की।
स्वच्छ और हरित समाज के लिए जारी रहेंगे अभियान
रज़ा खान अत्तारी, आगरा मंडल अध्यक्ष, दावत-ए-इस्लामी इंडिया तथा एडवोकेट हाजी शानू कुरेशी, आगरा मंडल अध्यक्ष, गरीब नवाज़ रिलीफ फाउंडेशन ने कहा कि समाज को स्वच्छ, हरित और जागरूक बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सर्व समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर अपर मेयर विक्रांत कुशवाह, पार्षद अमित पटेल, नितिन कोहली, एसएच हॉस्पिटल के चेयरमैन रेहान फारूकी और वाइस चेयरमैन रिज़वान परवेज़ सहित शहर की अनेक गणमान्य, सामाजिक एवं प्रबुद्ध हस्तियां मौजूद रहीं।
सभी अतिथियों ने ‘Save Nature’ अभियान की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं अनुकरणीय पहल बताया।
एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। नागरिकों से वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की गई, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भारत का निर्माण किया जा सके।

