8 अगस्त को कैलाश महादेव मंदिर, यमुना तट पर जुटेंगे 500 से अधिक श्रद्धालु, आमंत्रण पत्र का हुआ विमोचन
आगरा। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महासभा द्वारा 8 अगस्त को कैलाश महादेव मंदिर, यमुना तट पर 21 कुंडीय समरसता महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की औपचारिक घोषणा गुरुवार को संजय प्लेस स्थित होटल पीएल पैलेस में आयोजित समारोह में आमंत्रण पत्र के विमोचन के साथ की गई।
इस अवसर पर महासभा के पदाधिकारियों ने संत रविदास जी के समानता, समरसता, मानवता, सेवा और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
महासभा के अध्यक्ष रमेश कर्दम ने बताया कि 8 अगस्त को प्रातः 9 बजे कैलाश महादेव मंदिर, यमुना मैया के पावन तट पर 21 कुंडीय समरसता महायज्ञ प्रारंभ होगा। इसमें 500 से अधिक श्रद्धालु वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां अर्पित कर समाज में शांति, समरसता और भाईचारे की कामना करेंगे। महायज्ञ के उपरांत आयोजन स्थल पर ही संत रविदास जी के व्यक्तित्व, कृतित्व और सामाजिक आदर्शों पर विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी।
महासभा के सचिव अभिनव मौर्य ने कहा कि संत रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती वर्ष को पूरे वर्ष विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने जाति-पांति, ऊंच-नीच और भेदभाव का विरोध करते हुए समाज को समानता, प्रेम और मानवता का संदेश दिया। महासभा उनके आदर्शों के अनुरूप सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत करने का प्रयास कर रही है।
प्रचार प्रमुख विजय सामा ने संत रविदास जी के प्रसिद्ध संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि संत रविदास जी ने बाहरी आडंबरों से अधिक मन की पवित्रता, सत्य, सेवा और सदाचार को महत्व दिया। उनका जीवन-दर्शन आज भी समाज को जोड़ने और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह में महासभा के संरक्षक मानसिंह चौधरी एवं मनोज राजौरा, संघटक मनमोहन निरंकारी, कोषाध्यक्ष सीए संजीव महेश्वरी, उपाध्यक्ष राकेश जाटव, स्वागत महामंत्री हर्ष दिवाकर, सह सचिव डॉ. मीनाक्षी, डॉ. निष्ठा शर्मा, जतिन कुशवाहा, मंगल सिंह, बबीता पाठक, कार्यालय प्रमुख अभिषेक कोटिया, नवीन गौतम, राजेंद्र पाल आदि उपस्थित रहे।

