आगरा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जब एक महिला अपने भाई को राखी बांधने जा रही थी, उस दौरान भदरौली स्थित चाऊमीन की दुकान पर उसका पर्स छूट गया। पर्स में सोने की चैन, मंगलसूत्र, कानों के झाले, नाक की बाली, चांदी की कमरबंद और मोबाइल फोन सहित कीमती सामान रखा हुआ था।
महिला जब भदरौली से फरेरा पहुंची तो उसे पर्स छूटने की जानकारी हुई। परेशान महिला ने तत्काल इसकी सूचना चौकी भदरौली, थाना पिनाहट पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने महिला से उसके आने-जाने के रास्ते की पूरी जानकारी हासिल की और सीसीटीवी कैमरों तथा सर्विलांस की मदद से पर्स की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की तत्परता के चलते पर्स को बरामद कर लिया गया और उसमें मौजूद संपूर्ण सामान सुरक्षित महिला के सुपुर्द कर दिया गया।
अपना कीमती सामान वापस पाकर महिला के चेहरे पर खुशी और राहत की मुस्कान लौट आई। रक्षाबंधन के दिन आगरा पुलिस की इस तत्परता ने एक बार फिर साबित किया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी ही नहीं निभाती, बल्कि जरूरत के समय नागरिकों की मदद के लिए भी संवेदनशीलता के साथ आगे आती है।
आगरा पुलिस ने कहा कि ‘सेवा, सुरक्षा और संवेदना’ के ध्येय वाक्य के साथ नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।
