मुल्क में अमन, भाईचारे और खुशहाली के लिए की दुआ
आगरा। AIMIM पार्टी यूपी के प्रदेश संयुक्त सचिव एवं फिरोजाबाद से पूर्व सांसद प्रत्याशी मिर्जा मुकर्रम बेग ने मदीया कटरा, आगरा स्थित हजरत अहमद शाह रहमतुल्लाह अलैह साहब की दरगाह पर पहुंचकर अकीदत के साथ जियारत की।
इस दौरान उन्होंने दरगाह पर हाजिरी लगाई और बुजुर्ग के आस्ताने पर फूल पेश कर दुआ की। मिर्जा मुकर्रम बेग ने मुल्क में अमन-ओ-अमान, आपसी भाईचारे, तरक्की और खुशहाली के लिए दुआ मांगी।
उन्होंने कहा कि बुजुर्गों और औलिया-ए-किराम की दरगाहें हमेशा मोहब्बत, इंसानियत और भाईचारे का संदेश देती हैं। इन पवित्र स्थलों से लोगों को एक-दूसरे का सम्मान करने और समाज में आपसी सौहार्द बनाए रखने की प्रेरणा मिलती है।
मिर्जा मुकर्रम बेग ने कहा कि आज के दौर में समाज को नफरत से दूर रहकर मोहब्बत और इंसानियत के रास्ते पर चलने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा कायम रखने और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की।
इस अवसर पर स्थानीय लोगों एवं अकीदतमंदों ने उनका स्वागत किया। जियारत के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
