पश्चिमी गेट से निकली महिला, साथी पहुंचे पूर्वी गेट; ताज सुरक्षा पुलिस की तत्परता से चेहरे पर लौटी मुस्कान
आगरा। ताजमहल की खूबसूरती देखने भारत आई सोमालिया की 25 वर्षीय पर्यटक फातिमा के लिए रविवार का दिन उस वक्त चिंता में बदल गया, जब वह भीड़ के बीच अपने ग्रुप से बिछड़ गईं। एक तरफ साथी पर्यटक पूर्वी गेट से बाहर निकल चुके थे, तो दूसरी ओर फातिमा पश्चिमी गेट से बाहर आ गईं। कुछ ही देर में उन्हें समझ आया कि वह अपने साथियों से अलग हो चुकी हैं।
परेशान फातिमा ने तत्काल पश्चिमी गेट पर तैनात ताज सुरक्षा पुलिस के उप निरीक्षक शिवराज सिंह से मदद मांगी। विदेशी महिला पर्यटक की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बिना समय गंवाए उनकी तलाश शुरू कर दी।
प्रभारी निरीक्षक तिलक राम भाटी के निर्देशन में पुलिस टीम ने ताजमहल परिसर और आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही रेडियो ग्राम के जरिए सभी सुरक्षा प्वाइंटों पर सूचना प्रसारित कराई गई। अनाउंसमेंट सेंटर से ताजमहल परिसर और यलो जोन में भी लगातार अनाउंसमेंट कराया गया।
पुलिस की तत्परता और आपसी समन्वय का असर कुछ ही देर में दिखाई दिया। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद फातिमा की दो महिला साथी पर्यटकों को खोज लिया गया। पुलिस ने सभी को आपस में मिलाया तो फातिमा के चेहरे पर राहत और खुशी लौट आई।
अपने साथियों से मिलने के बाद विदेशी पर्यटकों ने आगरा पुलिस और ताज सुरक्षा पुलिस का दिल से आभार जताया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि ताजमहल आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक शिवराज सिंह, उप निरीक्षक सतीश चंद्र, महिला मुख्य आरक्षी शालिनी शर्मा और आरक्षी शुभम अहलावत शामिल रहे।
