लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान के तहत प्रदेशभर में कुल 13 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान की रूपरेखा सोमवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रदेश कार्यशाला में प्रस्तुत की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं ने समाज में व्यापक बदलाव किया है। उन्होंने कहा कि आज लगभग हर परिवार में केंद्र सरकार की योजनाओं से जुड़ी कोई न कोई सफलता की कहानी देखने को मिल सकती है।
सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे युवाओं के बीच जाकर वर्ष 2014 से पहले के भारत और वर्ष 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश की स्थिति तथा वर्तमान परिस्थितियों में आए बदलाव की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शक्ति केंद्र, बूथ और क्षेत्र में दर्जनों ऐसी सफल कहानियां मौजूद हैं, जिन्हें जनता तक पहुंचाने की जरूरत है।
1.77 लाख बूथों पर जलाए जाएंगे दीये
अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश के सभी 1.77 लाख बूथों पर लाभार्थी परिवारों के घर पहुंचेंगे और वहां दीया जलाएंगे। पार्टी का उद्देश्य केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों से संपर्क कर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यशाला में भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से अभियान के दौरान होने वाले सभी 13 कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
लाभार्थी की कहानी का दिया उदाहरण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के एक लाभार्थी का उदाहरण देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उसे ढाई लाख रुपये की सहायता मिली, जिससे उसने अपना घर बनाया। वहीं, मकान निर्माण में खर्च होने वाली अपनी बचत में से करीब एक लाख रुपये बचाकर उसने ई-रिक्शा खरीद लिया। इससे उसके परिवार की आवास की समस्या दूर होने के साथ ही रोजगार का साधन भी तैयार हो गया।
भाजपा का कहना है कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से ऐसी ही लाभार्थी कहानियों को सामने लाकर लोगों को केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार की योजनाओं के प्रभाव से अवगत कराया जाएगा।
