हादसे के समय कमरे में नहीं था कोई, बड़ा हादसा टला; मलबे में दबा सामान
आगरा। बुधवार सुबह से हो रही लगातार बारिश के चलते कागारौल थाना परिसर में बने थानाध्यक्ष के आवास की जर्जर छत अचानक ढह गई। हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। गनीमत रही कि उस समय आवास के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
बताया जा रहा है कि थाना परिसर में बना थानाध्यक्ष का आवास करीब पांच दशक पुराना है। इसकी छत गर्डर और पत्थर से बनी हुई थी। लगातार बारिश के कारण छत पहले से कमजोर और जर्जर हो चुकी थी। बुधवार सुबह अचानक छत का एक हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा।
छत गिरने से कमरे में रखा सामान भी मलबे के नीचे दब गया। हादसे के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों का कहना था कि यदि यह छत रात के समय गिरती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने पुराने और जर्जर सरकारी भवनों का निरीक्षण कराकर आवश्यक मरम्मत कराने की जरूरत बताई, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
